नई दिल्ली
आम आदमी पार्टी ने विवादों से घिरे कानून मंत्री सोमनाथ भारती की उस छापेमारी का वीडियो जारी किया है। 'आप' की ओर से जारी किए वीडियो में युगांडा की महिलाएं भी दिख रही हैं, जिनके हाथ में एक पुडि़या दिख रही है। पार्टी का दावा है कि वीडियो में साफ दिख रहा है कि कानून मंत्री ने दिल्ली पुलिस से काफी देर तक गुजारिश की थी, लेकिन बार-बार मनुहार के बाद भी पुलिस कार्रवाई को तैयार नहीं हुई, जिसके बाद भारती गुस्से में आ गए। भारती ने 15 जनवरी को मालवीय नगर के खिड़की एक्सटेंशन में छापा मारा था। उनका कहना है कि वहां सेक्स और ड्रग्स का रैकेट का चल रहा था, जिसकी शिकायत स्थानीय लोगों ने की थी। इसके बाद उन्होंने दिल्ली पुलिस से रेड मारने को कहा। अभी तक जो वीडियो दिखाया जा रहा था, उसमें भारती बेहद तल्ख लहजे में बात करते दिख रहे थे, लेकिन 'आप' का कहना है कि उसके वीडियो में साफ दिख रहा है कि भारती ने काफी देर पुलिस से गुजारिश की थी।
क्या है मामला
सोमनाथ भारती 15 जनवरी की रात कुछ लोगों के साथ खिड़की एक्सटेंशन पहुंचे। उनका दावा था कि अफ्रीकी लोग ड्रग्स रैकेट और वेश्यावृत्ति कर रहे हैं। पुलिस वालों को बुलाकर उन्होंने छापा मारने को भी कहा। लेकिन पुलिस ने ये कहते हुए मना कर दिया कि बिना वारंट के रात में कार्रवाई नहीं करेंगे। अगले दिन युगांडा की पांच महिलाओं ने भारती और उनके समर्थकों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। कोर्ट के आदेश पर एफआईआर दर्ज की गई। उप राज्यपाल ने न्यायिक जांच के भी आदेश दे दिए।

